सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र की फर्नीचर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, सुपरवाइजर समेत दो की मौत
बिलासपुर: बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में फैक्ट्री के सुपरवाइजर और एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह फैक्ट्री में लगी मोटर से निकली चिंगारी बताई जा रही है, जो पास में रखे ज्वलनशील तारपीन तेल के टैंकर तक पहुंच गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही मची अफरा-तफरी
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि फैक्ट्री में काम कर रहे 12 से अधिक मजदूर जान बचाकर बाहर की ओर भागे। इसी दौरान सुपरवाइजर ऋषभ शुक्ला आग की चपेट में आ गए। वह किसी तरह जलती अवस्था में बाहर निकले और उन्हें तुरंत रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं फैक्ट्री में काम कर रहा मजदूर आयुष सूर्यवंशी आग के बीच फंस गया। काफी देर तक उसकी तलाश की जाती रही, लेकिन उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। बाद में जब उसे अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
आग की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने पानी और फोम की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के कारण इलाके में काले धुएं का गुबार दूर तक नजर आया।
सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। आग लगने के कारणों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर जांच की जा रही है।
