कोरबा में संदिग्ध हालत में युवक की मौत, डांस देखने गया था तुमान

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सक्ती जिले के नगरदा गांव निवासी 35 वर्षीय सुखदेव केवट के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सुखदेव केवट सोमवार रात अपने दोस्तों सुनील कंवर और बद्री नारायण के साथ बाइक से उरगा थाना अंतर्गत तुमान गांव में आयोजित डांस कार्यक्रम देखने गया था। तुमान पहुंचने के बाद तीनों वहां चल रही कबड्डी प्रतियोगिता देखने चले गए।

इसी दौरान सुखदेव अपनी बाइक की चाबी लेकर पास के एक ठेले पर सिगरेट पीने गया, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। दोस्तों ने जब उसे फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। रातभर इंतजार के बाद दोनों दोस्त मंगलवार सुबह अपने गांव लौट गए, लेकिन सुखदेव घर नहीं पहुंचा। मंगलवार सुबह परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच जानकारी मिली कि तुमान के एक दुकानदार ने वॉट्सऐप स्टेटस में एक घायल युवक और बाइक की तस्वीर डाली थी। गाड़ी नंबर की पुष्टि करने पर दुकानदार ने बताया कि युवक घायल अवस्था में मिला था, जिसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।

परिजन और दोस्त जब जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, तो वहां सुखदेव केवट की मौत की पुष्टि हुई। बताया गया कि उसका शव तुमान से लगे लबेद इलाके में खून से लथपथ हालत में बाइक के पास मिला था। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि मृतक के दोस्तों और परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Share This Article