कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा के टीपी नगर स्थित शराब दुकान में शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया, जब भीड़ का फायदा उठाकर पॉकेटमारी कर रहे एक युवक को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी शराब खरीदने आए लोगों की जेब से पैसे निकाल रहा था। पकड़े जाने के बाद गुस्साई भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवक ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से भीड़भाड़ वाली जगहों पर पॉकेटमारी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। गिरोह शराब दुकानों पर ज्यादा भीड़ होने का इंतजार करता और फिर ग्राहकों के बीच घुसकर जेब साफ करता था। इस घटना में एक युवक पकड़ा गया, जबकि उसके तीन साथी भागने में सफल रहे।
आरोपी ने अपना नाम अजय कुमार बताया है, जो सीतामढ़ी के शनि मंदिर के पास का रहने वाला है। उसने बताया कि वह बैंड पार्टी में काम करता है और अपने दोस्तों के साथ कोरबा आया था। घटना के बाद उसके साथी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर चौकी ले गई। जिन लोगों के साथ पॉकेटमारी हुई थी, उन्हें भी बयान के लिए चौकी बुलाया गया है। सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और फरार साथियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि टीपी नगर की इस शराब दुकान के बाहर पहले भी विवाद, मारपीट और चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। दुकान बंद होने के बाद भी शराब लेने पहुंचने वाले लोगों के दबाव के कारण यहां अक्सर तनाव की स्थिति बन जाती है।
टीपी नगर शराब दुकान में पॉकेटमारी, रंगे हाथों पकड़ाए युवक की जमकर हुई पिटाई
