कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कोरबी क्षेत्र में एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें धान बिक्री के लिए टोकन न मिलने से परेशान किसान ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय सुमेर सिंह गोड़ ने जहर का सेवन किया। बताया जा रहा है कि उन्होंने तीन एकड़ 75 डिसमिल जमीन खरीदी थी और 68 क्विंटल से अधिक धान बेचने के लिए टोकन कटवाने में लगातार समस्या का सामना करना पड़ रहा था। उनके पास फोन न होने के कारण समस्या और बढ़ गई।
कोरबी निवासी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि किसान को टोकन कटवाने के लिए कई दुकानों, पटवारी और तहसीलदार के पास चक्कर लगाने पड़े। इसके बाद उन्होंने पीए को आवेदन दिया, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। डेढ़ महीने तक समाधान न मिलने के बाद उन्होंने जनदर्शन में भी शिकायत की, लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं हुआ।
किसान की पत्नी मुकुंद बाई ने बताया कि देर रात करीब 1 बजे उनके पति ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। गिलास गिरने की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचीं और पड़ोसियों की मदद से उन्हें हरदी बाजार स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सांसद ज्योत्सना महंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताया और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में कभी कोई किसान धान बेचने के लिए इतनी परेशानी का सामना नहीं करता था। सांसद ने बताया कि उनके दौरे के दौरान कई किसानों के टोकन नहीं कटने और रकबा न मिलने जैसी समस्याएं सामने आईं।
सांसद ने कहा जहां आदिवासी मुख्यमंत्री हैं, वहां आदिवासी किसान जहर खाने को मजबूर हो रहे हैं। गरीब किसान की परेशानियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। शासन पूरी तरह फेल है और भाजपा सरकार के सारे दावे धरातलीय रूप से झूठे साबित हो रहे हैं। सांसद ज्योत्सना महंत ने अधिकारियों और मुख्यमंत्री से किसानों की समस्याओं की तुरंत जांच और समाधान की मांग की है।
