कोरबा: ग्राम बड़े बाका में कश्यप परिवार द्वारा आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत पूरे विधि-विधान एवं श्रद्धा भाव के साथ हुई, जिसमें गांव की बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। कलश यात्रा ने पूरे ग्राम क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
इस पावन अवसर पर कथा वाचक के रूप में सुप्रसिद्ध पंडित मुरारी लाल त्रिपाठी जी उपस्थित रहे, जबकि मुख्य यजमान के रूप में महारथी कश्यप एवं डोलाबाई कश्यप ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। कलश यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और जयघोष से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
आयोजकों ने बताया कि संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 23 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। कथा के सफल आयोजन में कश्यप परिवार के साथ-साथ समस्त ग्रामवासियों का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है।
आयोजन समिति द्वारा क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना हुआ है, बल्कि आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत कर रहा है।
