काम के दौरान ढही दीवार, चपेट में आने से एक मजदूर की मौत
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां काम के दौरान अचानक दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पथरीपारा बस्ती में एक पुराने मकान को तोड़कर नया निर्माण किया जाना था। इस कार्य में चार से पांच मजदूर लगे हुए थे। मकान की दीवार काफी सकरी थी और तोड़ने के दौरान अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मौके पर काम कर रहे अन्य मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई लेकिन एक मजदूर दीवार के नीचे दब गया।
मृतक की पहचान नरेश कुमार मीरी (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बरपाली के निवासी थे। नरेश अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए मजदूरी करते थे। उनके पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बारे में नरेश के छोटे भाई भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि नरेश कुमार अपने दोस्तों के साथ पथरीपारा काम करने गए थे। काम के दौरान अचानक दीवार गिर गई जिससे नरेश गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वहीं घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामला दर्ज किया। पुलिस हादसे के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
