तांत्रिक की ठगी और लूट का सनसनीखेज मामला: 2.5 लाख की रकम के लिए हुआ 2.5 करोड़ का झांसा, पैसों की बारिश का वीडियो आया सामने…..

2 Min Read

तांत्रिक की ठगी और लूट का सनसनीखेज मामला: 2.5 लाख की रकम के लिए हुआ 2.5 करोड़ का झांसा, पैसों की बारिश का वीडियो आया सामने…..

बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  बिलासपुर जिले में तांत्रिक और उसके सहयोगियों द्वारा 2.5 लाख रुपये की ठगी और इसके बाद हुई लूट ने लोगों को हक्का-बक्का कर दिया। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार कथित तांत्रिक विजय कुमार राज (48 वर्ष) ने बिल्हा के सबलपुरी में कांग्रेस समर्थित सरपंच पति के घर अनुष्ठान का वीडियो बनाया। इसमें पैसों की गड्डी के सामने पूजा-पाठ और “पैसों की बारिश” का नाटक दिखाया गया। वीडियो देखने के बाद कोरिया के 4 युवकों ने विश्वास कर विजय और उसके साथियों को 2.5 लाख रुपये दे दिए।

जब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे, तब तांत्रिक और उसके 4 साथी वहां से फरार हो गए। गुस्साए युवकों ने उनका पीछा किया और रतनपुर हाईवे पर उन्हें रोककर मारपीट की। इस दौरान विजय की कार, 3 मोबाइल और करीब 8 हजार रुपए कैश भी लूट लिए गए।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी तलाशे। टेक्निकल साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन की मदद से पुलिस ने 2 फरवरी को लूट के चारों आरोपियों को सरगुजा और कोरिया से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया। आरोपियों के पास से लूटी गई कार, मोबाइल, कैश और वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा-अर्टिगा कार बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार विजय कुमार राज ने तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के जरिए लोगों को पैसे बढ़ाने का झांसा दिया। जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने खुद ही ठगी का आरोप छुपाया और पीड़ितों को भ्रमित किया।

एसएसपी रजनेश सिंह ने जनता से अपील की है कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या पूजा-पाठ से पैसे दोगुने करने का दावा करने वालों के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने तांत्रिक और उसके सहयोगियों के खिलाफ बिल्हा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

Share This Article