कोरबा में भीषण सड़क हादसा: NSUI के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक समेत 2 की मौत, 2 लोग गंभीर, बारात में शामिल होने जा रहे थे सभी

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  बिलासपुर से बालको जा रहे कांग्रेस नेताओं की कार कोरबा जिले में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं युवा कांग्रेस नेता राहुल राय और ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह हादसा उरगा थाना क्षेत्र में भारतमाला नेशनल हाईवे पर गुरुवार रात करीब 9:30 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक राहुल राय अपनी कार (CG 10 BF 9922) में तीन साथियों के साथ बिलासपुर से बालको एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कोरबा में प्रवेश करते समय रास्ता भटकने के कारण उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई।

निर्माणाधीन भारतमाला नेशनल हाईवे के अंतिम हिस्से में कार खाईनुमा लेन में उतर गई और नियंत्रण खोते हुए गड्ढे में गिरकर तीन बार पलटी खा गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।
इस दुर्घटना में राहुल राय और ढालू अग्रवाल के सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भोला साहू और एक अन्य युवक राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए।

पीछे से आ रहे साथियों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही घायलों को अपोलो अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज जारी है। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को केजीएन अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया।

पुलिस के अनुसार हादसे से करीब 40 मिनट पहले सभी युवक बिलासपुर के छाबड़ा पैलेस में एक शादी समारोह में शामिल हुए थे और वहां से बालको के लिए रवाना हुए थे। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Share This Article