कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन रहेंगे मुख्य अतिथि, सीएम विष्णुदेव साय देंगे वर्चुअल आशीर्वाद
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत कोरबा जिले में 10 फरवरी को भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। सीएसईबी कोरबा पूर्व स्थित फुटबॉल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में 260 निर्धन परिवारों की बेटियों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नवविवाहित जोड़ों को वर्चुअल माध्यम से आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान करेंगे।
तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन
इस आयोजन को गरिमामयी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। परियोजनावार प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है।
260 जोड़ों के लिए 1.30 करोड़ रुपए का आबंटन
वित्तीय वर्ष 2024-25 में मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़े 50 हजार रुपए की सहायता राशि निर्धारित की गई है। इस हिसाब से 260 जोड़ों के लिए कुल 1 करोड़ 30 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है।
कोरबा जिले में कुल 10 एकीकृत बाल विकास परियोजनाएं संचालित हैं, जिनके अंतर्गत 2602 आंगनबाड़ी केंद्र आते हैं। प्रत्येक परियोजना को 26-26 जोड़ों का लक्ष्य दिया गया है, जिसके लिए 13-13 लाख रुपए का बजट जिला स्तर से पुनः आबंटित किया गया है।
लाभार्थियों को मिलेगा 35 हजार रुपए का चेक
योजना के अंतर्गत स्वीकृत राशि में से लाभार्थी जोड़ों को 35 हजार रुपए का चेक प्रदान किया जाएगा। शेष 15 हजार रुपए विवाह आयोजन पर व्यय किए जाएंगे। इसमें वर-वधू के वस्त्र, श्रृंगार सामग्री, घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुएं, विवाह समारोह की संपूर्ण व्यवस्थाएं शामिल होंगी।
2004 से गरीब परिवारों का सहारा बनी योजना
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2004 में मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना की शुरुआत की थी। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की विवाह संबंधी चिंताओं को दूर करना और बेटियों को सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन की शुरुआत का अवसर प्रदान करना है।
