कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम महुआडीह में रहने वाले 40 वर्षीय वाहन चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक पूरी रात पेट दर्द से तड़पता रहा और सुबह मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम महुआडीह निवासी बंधन सिंह बिंझवार बुधवार शाम करीब 6 बजे काम से घर लौटा था। उसने पत्नी को पेट दर्द की शिकायत बताई। परिजनों ने इसे गैस की समस्या समझते हुए घर में रखी दवा दे दी लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। वह पूरी रात दर्द से कराहता रहा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गुरुवार सुबह करीब 8 बजे परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मर्च्युरी में शिफ्ट कर अस्पताल पुलिस चौकी को सूचना दी गई। मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब मृतक की पत्नी जगबाई अस्पताल परिसर में बैठकर पोस्टमार्टम नहीं कराने की जिद पर अड़ गई। वह बयान दर्ज कराने के लिए भी तैयार नहीं थी। परिजनों ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मृतक की पुत्री और अन्य परिजनों के बयान दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।