खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल, सुभाष ब्लॉक हेलीपैड पर बड़ा हादसा टला

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   शहर के सुभाष ब्लॉक स्थित हेलीपैड क्षेत्र में एक युवक द्वारा खतरनाक स्टंट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक तेज रफ्तार कार से लापरवाहीपूर्ण तरीके से स्टंट करता दिखाई दे रहा है। इस दौरान सड़क से गुजर रहे एक स्कूटी सवार युवक बाल-बाल बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना कुछ ही सेकंड की थी, लेकिन हालात इतने गंभीर थे कि जरा सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी। स्टंटबाजी के दौरान आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार चालक बिना किसी सुरक्षा या नियंत्रण के वाहन घुमा रहा है, जिससे अन्य राहगीरों की जान जोखिम में पड़ गई।

हेलीपैड क्षेत्र आमतौर पर खुला और सुनसान होने के कारण कुछ युवकों द्वारा स्टंट के लिए इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, यह क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित नहीं है और आसपास से लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में इस तरह की लापरवाही किसी भी वक्त गंभीर दुर्घटना को जन्म दे सकती है।

यातायात पुलिस की अपील

कोरबा यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर स्टंटबाजी या लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग से बचें। पुलिस का कहना है कि यह न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है।

पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित कर रही है, इसके बावजूद कुछ युवक अपनी और दूसरों की जान खतरे में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं।

Share This Article