कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिले की सभी 20 स्वीकृत रेत खदानों में व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। खनिज विभाग ने प्रत्येक खदान के मुख्य मार्ग और खदान क्षेत्र के पास उत्खनन पट्टा विवरण से संबंधित सूचना पट्टिकाएं स्थापित की हैं, जिससे आम नागरिकों को खदान की स्वीकृति, संचालन और अन्य आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके।
खदान क्षेत्र की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करने के लिए दोनों ओर प्रारंभिक और अंतिम सीमा बिंदुओं पर बोर्ड लगाए गए हैं। इससे खदान की परिसीमा चिन्हित रहेगी और अनधिकृत गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। साथ ही दिशा-सूचक पट्टिकाएं भी स्थापित की गई हैं, जिससे निरीक्षण और आवागमन सुगम होगा।
उप संचालक, खनिज विभाग प्रमोद कुमार नायक ने बताया कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। नागरिक अवैध गतिविधियों की सूचना निम्न मोबाइल नंबरों पर दे सकते हैं।
प्रेम राजपूत: 8770924807, संजू लहरे: 8839538188, छतसिंह खैरवार: 9753266726, श्रावकुमार श्रीवास: 7447063227
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी। लोगों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सुशासन के लिए सहयोग की अपील की गई है।
कटघोरा में तीन ट्रैक्टर जब्त
हाल ही में Katghora क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन करते हुए तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए। इससे पहले भी कार्रवाई के दौरान रेत तस्कर टीम को देखकर फरार हो गए थे, जहां से ट्रैक्टर मशीन जब्त की गई थी।
सख्त कार्रवाई के बावजूद शहर में तड़के सुबह बिना नंबर प्लेट के रेत से भरे वाहन परिवहन करते देखे जाने की शिकायतें मिल रही हैं। ये वाहन कथित रूप से पुलिस चौकियों और थानों के सामने से गुजरते नजर आते हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था पर सवाल भी उठ रहे हैं।