तेज रफ्तार ट्रेलर बना काल, स्कॉर्पियो सवार चार की मौके पर ही मौत, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद…..
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: बिलासपुर में गुरुवार देर रात रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी गांव के पास रात करीब 3 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक CG 11 BD 9044 अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में चला गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG 04 MQ 4220 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर से टकराने के बाद पलट गया। वहीं स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर ही फंस गए।

गैस कटर से रेस्क्यू, तब तक जा चुकी थीं चार जानें
हादसे की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकाला गया। तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे (37), विशाल लहरें (25), अनमोल लहरें (14), सोनू मिरी (28) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग एक पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह समारोह से लौट रहे थे। हादसे में प्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सकरी पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्षेत्र में शोक, उठे कई सवाल
एक ही परिवार और परिचितों के चार लोगों की एक साथ मौत से इलाके में शोक की लहर है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे का भयावह दृश्य कैद हुआ है। इस दुर्घटना ने नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड चलने वाले भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।