सागौन तस्करी का भंडाफोड़: जंगल से कटाई कर ले जा रहे 5 आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

सागौन तस्करी का भंडाफोड़: जंगल से कटाई कर ले जा रहे 5 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के सीपत क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में सागौन तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। नवापारा (जेवरा) जंगल से सागौन के ईमारती पेड़ काटकर पिकअप में भरकर ले जा रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 16 नग सागौन लट्ठा, डीजल आरा मशीन और पिकअप वाहन समेत करीब ढाई लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

एएसपी मधुलिका सिंह के मुताबिक तड़के करीब 3:30 बजे सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल से सागौन लकड़ी काटकर अवैध परिवहन की तैयारी में हैं। सूचना पर सीपत पुलिस और वन विभाग की टीम ने नवापारा बेरियर के पास घेराबंदी की। थोड़ी देर बाद जंगल की ओर से आती पिकअप (CG 11 AB 0612) को रोककर जांच की गई।

तिरपाल हटाते ही वाहन में 16 सागौन के लट्ठे मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। वाहन में चालक सहित पांच लोग सवार थे। पूछताछ में आरोपी लकड़ी के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और जंगल से कटाई कर जांजगीर-चांपा ले जाने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों में रामचंद कुर्रे (41), संतोष कुमार (50), जय सिंह ओगरे (62), लिल्लूराम पटेल (56) और रघुवीर सिंह मरावी (40) शामिल हैं। सभी जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

वनरक्षक की शिकायत पर थाना सीपत में वन अधिनियम सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Share This Article