सक्ती/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के डभरा थाना क्षेत्र स्थित उच्चपिड़ा के RKM पावर प्लांट से एक दुखद खबर सामने आई है। प्लांट से लापता कर्मचारी सुरेश कुमार टंडन की मौत की पुष्टि हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा कन्वेयर बेल्ट की चपेट में आने से हुआ है।
जानकारी के मुताबिक सुरेश कुमार टंडन 27 फरवरी की सुबह अपनी नियमित ड्यूटी के लिए प्लांट पहुंचे थे, लेकिन शिफ्ट समाप्त होने के बाद घर नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस और प्लांट प्रबंधन ने संयुक्त रूप से तलाश शुरू की।
जांच के दौरान प्लांट परिसर में कन्वेयर बेल्ट के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मानव अवशेष मिले। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वे मशीनरी की चपेट में आ गए। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और प्लांट के सुरक्षा इंतजामों की भी पड़ताल की जा रही है।