तालाब में डूबने से दो युवकों की मौत, दोस्तों संग गए थे घूमने, शराब पार्टी के बाद हुआ हादसा

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

तालाब में डूबने से दो युवकों की मौत, दोस्तों संग गए थे घूमने, शराब पार्टी के बाद हुआ हादसा

बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  बिलासपुर में रविवार को दर्दनाक हादसे में दो युवकों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक अपने पांच दोस्तों के साथ घूमने निकले थे। इसी दौरान वे तालाब के पास पहुंचे। हाथ-मुंह धोते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। जब तक साथियों को स्थिति का अंदाजा होता तब तक दोनों पानी में डूब चुके थे।

जानकारी के अनुसार यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान बंधवापारा निवासी हिमांशु चहांदे (21 वर्ष) और देवरीखुर्द निवासी शिवम मानिकपुरी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक अपने पांच दोस्तों के साथ दोपहर में खमतराई स्थित अमहा तालाब घूमने गए थे। सभी तालाब किनारे पेड़ के नीचे बैठकर शराब पी रहे थे। शाम करीब चार बजे हिमांशु और शिवम हाथ-मुंह धोने तालाब की ओर गए। इसी दौरान उनका पैर फिसला और वे सीधे गहरे पानी में चले गए। दोनों को तैरना नहीं आता था।

दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया। एक युवक पानी में उतरा, लेकिन उसे भी तैरना नहीं आता था। वह भी डूबने लगा, जिसे बाकी साथियों ने किसी तरह बाहर निकाला। हालांकि तब तक हिमांशु और शिवम लापता हो चुके थे।

सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना के गोताखोर मौके पर पहुंचे। देर रात दोनों युवकों के शव बरामद किए गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक तालाब से मुरूम निकालने के लिए जेसीबी से लगातार खुदाई की गई है जिससे तालाब की गहराई काफी बढ़ गई है और किनारे से ही गहरा पानी शुरू हो जाता है।

पुलिस जांच में जुटी

थाना प्रभारी प्रदीप आर्या ने बताया कि युवकों की शराब पार्टी चल रही थी। नशे की हालत में वे पानी के पास गए और हादसा हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ मौजूद युवकों से पूछताछ जारी है।

पहले भी हो चुका है हादसा

बिलासपुर जिले में पिछले तीन वर्षों में तालाब, नदी और मुरूम खदान में डूबने से 17 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें 15 किशोर शामिल हैं। लगातार हो रही घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article