कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले व कटघोरा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर में सघन दबिश और चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का निर्माण और बिक्री करते पाए गए 10 आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत 10 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने कुल 117.7 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान अवैध शराब बेचकर हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
