तालाब में डूबने से भाई-बहन की मौत, भाई को बचाने कूदी बहन भी नहीं बच सकी

2 Min Read

तालाब में डूबने से भाई-बहन की मौत, भाई को बचाने कूदी बहन भी नहीं बच सकी

जशपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:   छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। दोनों बच्चे नहाने के लिए तालाब में उतरे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया।

जानकारी के अनुसार नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कालिया निवासी योगिता दास (11 वर्ष) और विष्णु दास (9 वर्ष), पिता जितेंद्र दास सोमवार को अपनी मां के साथ जंगल महुआ बीनने गए थे। दोपहर करीब 3 बजे दोनों भाई-बहन गांव के तालाब में नहाने के लिए चले गए।

भाई को बचाने के लिए पानी में कूदी बहन

बताया जा रहा है कि सबसे पहले छोटा भाई विष्णु दास तालाब में नहाने के लिए उतरा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को डूबता देख बड़ी बहन योगिता दास उसे बचाने के लिए तुरंत तालाब में कूद गई। लेकिन उसे भी तैरना ठीक से नहीं आता था, जिससे वह भी गहरे पानी में चली गई और दोनों की डूबने से मौत हो गई।

कुछ देर बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत नारायणपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा भेज दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Share This Article