कोरबा में बढ़ती गर्मी के साथ जंगलों में बढ़ी आग की घटनाएं, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले में बढ़ती गर्मी के साथ जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। हाल के दिनों में अलग-अलग क्षेत्रों से वनाग्नि की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है और जंगलों में लगातार निगरानी की जा रही है।

इसी कड़ी में करतला परिक्षेत्र के कोटमेर परिसर के कक्ष क्रमांक P-1148, ग्राम तुर्रीकटरा में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और फायर वाचर मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में लगभग 0.280 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ, जहां घास-फूस और सूखे पत्ते जल गए।

वन विभाग के एसडीओ आशीष खैरवार ने बताया कि गर्मी के मौसम में आग की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग ने विशेष तैयारी की है। जंगलों की सुरक्षा के लिए 22 टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार गश्त कर रही हैं। साथ ही फायर वाचरों को फायर ब्लोअर मशीनें दी गई हैं और संवेदनशील इलाकों में फायर लाइन भी बनाई जा रही है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि तेंदूपत्ता और महुआ संग्रहण के दौरान जंगलों में आग न लगाएं, क्योंकि इससे वन संपदा को भारी नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि जंगल सुरक्षित रहेंगे तभी आने वाले समय में ग्रामीणों को उनका लाभ मिल सकेगा।

Share This Article