भारी वाहन की चपेट में आने से महिला और मासूम की दर्दनाक मौत, चौथिया कार्यक्रम से लौट रहे थे

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। जटगा चौकी क्षेत्र के रावा मुख्य मार्ग पर अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें महिला और मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान ग्राम बरीउमराव निवासी कुंती बाई (35 वर्ष) और मनीषा कुमारी (9 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों गांव के एक युवक के साथ बाइक से चौथिया बारात से लौट रही थीं, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर मारने के बाद भारी वाहन का पहिया महिला और बच्ची के सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। वहीं बाइक चला रहा युवक भी घटनास्थल से लापता बताया जा रहा है। हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

Share This Article