बड़ा हादसा: खल्लारी माता मंदिर में रोपवे का केबल टूटा, एक श्रद्धालु की मौत, 8 घायल, देखें वीडियो…..
महासमुंद/सीजी एनएन 24 न्यूज: महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। नवरात्रि के दौरान भारी भीड़ के बीच मंदिर परिसर में संचालित रोपवे का केबल अचानक टूट गया, जिससे ट्रॉली में सवार श्रद्धालु हादसे का शिकार हो गए। इस घटना में एक युवती श्रद्धालु की दर्दनाक मौत हो गई जबकि 8 अन्य लोग घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक केबल टूटते ही ट्रॉली तेज झटके के साथ नीचे की ओर आई और संतुलन बिगड़ गया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल महासमुंद भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब नवरात्रि के चलते मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में रोपवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से रोपवे की नियमित जांच और मेंटेनेंस नहीं हो रही थी।
घटना के बाद प्रशासन ने रोपवे सेवा को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है और पूरे सिस्टम की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल किसी भी श्रद्धालु को रोपवे से यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि खल्लारी माता मंदिर करीब 1600 फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित है और यहां पहुंचने के लिए रोपवे प्रमुख साधन है। नवरात्रि के दौरान यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
