बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने लिया चपेट में, हादसे में महिला की मौत, पति गंभीर, ईद मनाकर लौट रहा था परिवार

2 Min Read

बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने लिया चपेट में, हादसे में महिला की मौत, पति गंभीर, ईद मनाकर लौट रहा था परिवार


कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से 39 वर्षीय शबीना तरन्नुम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति शेख सद्दाम (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की बेटियां इस हादसे में सुरक्षित बच गईं।

जानकारी के अनुसार, मानिकपुर बस्ती निवासी यह परिवार रविवार को ईद मनाकर बिलासपुर से कोरबा लौट रहा था। पाली मुख्य मार्ग पर चलते समय उनकी बाइक से कुछ सामान सड़क पर गिर गया। शबीना तरन्नुम सामान उठाने के लिए जैसे ही सड़क पर आगे बढ़ीं, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में उनके पति भी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना इतनी भीषण थी कि शबीना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल शेख सद्दाम को तत्काल बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियों की सोमवार को परीक्षा थी, जिसके चलते परिवार रविवार को ही वापस लौट रहा था। हादसे के बाद बच्चियां सहमी हुई हैं, लेकिन सुरक्षित हैं।

घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पाली थाना प्रभारी नागेंद्र तिवारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article