बंद रेलवे फाटक पार करने की जल्दबाजी में बारूद वाहन ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के इमलीडुग्गु फाटक पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ददार निवासी 58 वर्षीय हनुमानदिन प्रजापति के रूप में हुई है। वे नवरात्र पूजा के बाद प्रसाद लेकर सीतामढ़ी स्थित अपने भाई के घर जा रहे थे। इसी दौरान इमलीडुग्गु फाटक पार करते समय हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फाटक खुला हुआ था और हनुमानदिन उसे पार करने लगे थे। तभी अचानक फाटक बंद होने लगा। इसी बीच पास से गुजर रहा बारूद से भरा वाहन भी जल्दबाजी में फाटक पार करने की कोशिश कर रहा था और उसने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हनुमानदिन फाटक के पास बने गड्ढे में जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बारूद से लदा वाहन नागपुर से रायगढ़ की ओर जा रहा था और एक निजी कंपनी का बताया जा रहा है। वाहन से जुड़े जिम्मेदार लोगों को भी घटना की सूचना दे दी गई है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article