कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के भैसमा-उरगा मुख्य मार्ग पर कूकरीचोली पेट्रोल पंप के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में कोरबा जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष विक्की कंवर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर काफी तेज गति में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा जिससे बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घायल सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 को सूचना दी और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। सभी घायलों का इलाज जारी है जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।