रिटायर्ड पुलिसकर्मियों का सम्मान: घर-घर पहुंच रही पुलिस, शॉल-श्रीफल से कर रहे सम्मान

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र में पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल देखने को मिली जहां चौकी प्रभारी मंतगुराम मरकाम अपनी टीम के साथ रिटायर्ड पुलिस अधिकारी धनी राम राठौर के घर पहुंचे और उन्हें शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।

यह सम्मान उनकी लंबी और उत्कृष्ट सेवा के लिए दिया गया। अपने कार्यकाल के दौरान धनी राम राठौर ने विभिन्न पदों पर रहकर कई महत्वपूर्ण मामलों का सफल खुलासा किया और आमजन को न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

इस अवसर पर उनके परिवारजनों और परिचितों की मौजूदगी में उन्हें सम्मानित किया गया। धनी राम राठौर ने इस पहल को गर्व का क्षण बताते हुए पुलिस विभाग का आभार जताया और अपने सेवा काल की यादों को साझा किया।

पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि जिले में ऐसे कई सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी हैं, जिनके घर पहुंचकर संबंधित थाना-चौकी प्रभारी उनका सम्मान कर रहे हैं और उनका हालचाल जान रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य पूर्व कर्मियों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें पुलिस परिवार से जुड़े होने का अहसास कराना है।

इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस गणतंत्र दिवस और शहीद दिवस जैसे अवसरों पर शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान करने की परंपरा भी लगातार निभाई जा रही है। पुलिस की यह पहल समाज में सकारात्मक संदेश दे रही है।

Share This Article