चलती बाइक पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले नाबालिग सहित 6 आरोपियों को पुलिस ने दबोचा 

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सदर कोरबा अभियान” के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चलती मोटरसाइकिल पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले 6 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 5 नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली क्षेत्र के सीतामणी स्टेशन रोड पर हुई घटना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।

दरअसल 19 मार्च को कुछ युवक चलती बाइक पर चाकू लहराते हुए लोगों को डराते नजर आए थे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

जांच में कुल 6 लोग शामिल पाए गए, जिनमें राहुल यादव (27 वर्ष), निवासी कुंजनगर नवधा चौक, कोरबा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। वहीं 5 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 6.5 इंच लंबा धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

Share This Article