कोरबा में हाथियों का मूवमेंट बदला: धरमजयगढ़ की ओर बढ़ा दल, जाते-जाते फसलों को पहुंचाया भारी नुकसान

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के जंगलों में पिछले कई हफ्तों से विचरण कर रहे हाथियों की गतिविधियों में बदलाव देखने को मिला है। वनमंडल कोरबा के पसरखेत, कुदमुरा और कोरबा रेंज में करीब तीन सप्ताह तक सक्रिय रहने के बाद हाथियों का एक दल बीती रात धरमजयगढ़ की दिशा में आगे बढ़ गया। इससे प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों और वन अमले ने फिलहाल राहत की सांस ली है।

धरमजयगढ़ की ओर बढ़ने से पहले हाथियों ने कुदमुरा रेंज के चचिया गांव में किसानों को नुकसान पहुंचाया। यहां 5 से अधिक ग्रामीणों के खेतों में लगी धान की रबी फसल को रौंद दिया गया, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम नुकसान का आंकलन करने में जुट गई है।

हाथियों की आवाजाही के दौरान वन विभाग के कर्मचारी और हाथी मित्र दल पूरी रात निगरानी में लगे रहे। वे हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखते हुए उनके पीछे-पीछे चलते रहे, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। सुबह होने से पहले जब हाथियों का दल धरमजयगढ़ के जंगल क्षेत्र में प्रवेश कर गया, तब इसकी सूचना संबंधित वन अमले को देकर टीम वापस लौटी।

इधर, कटघोरा वनमंडल के जटगा रेंज में 49 हाथियों का एक बड़ा दल अब भी मौजूद है। यह दल पिछले कई दिनों से क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में डेरा जमाए हुए है। बताया जा रहा है कि हाथियों को यहां का अनुकूल वातावरण पसंद आ गया है और वे इसे अपना स्थायी ठिकाना बना चुके हैं। हालांकि, यह दल कभी-कभार ही पहाड़ से नीचे उतरता है।

वन विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

Share This Article