जेब में रखा मोबाइल अचानक हुआ ब्लास्ट, हादसे में छात्र घायल
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के सरकंडा स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी में शनिवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। पढ़ाई कर रहे छात्र राम कश्यप जब दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच खाना खाने के लिए बाहर निकले, तभी उनके साथ मौजूद दोस्त शिवेंद्र सिंह ने उनकी पैंट की जेब से धुआं निकलते देखा। कुछ ही सेकंड में धुआं आग में बदल गया और जेब में रखा मोबाइल तेज धमाके के साथ फट गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मोबाइल ब्लास्ट से छात्र के दाहिने पैर और दोनों हाथों में गंभीर जलन की चोटें आई हैं। स्थिति को संभालते हुए छात्र ने तुरंत अपनी पैंट उतार दी, जबकि उसके दोस्त ने आग बुझाने में मदद की। दोनों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। घायल छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि छात्र के पास वन प्लस कंपनी का मोबाइल था। घटना के बाद उसके दोस्त ने कंपनी में शिकायत दर्ज कराई है और जांच की मांग की है। फिलहाल ब्लास्ट के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर बैटरी फटने की आशंका जताई जा रही है।