नाबालिग पर चाकू से हमला, हालत गंभीर, आरोपी हिरासत में
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम जुनवानी भैंसमा में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की पर अज्ञात युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि पीड़िता किसी काम से जा रही थी, तभी रास्ते में कुछ युवकों ने उसे घेरकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। एक राहगीर बाइक सवार की मदद से घायल लड़की को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसमा पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। गले पर गहरे घाव होने के कारण पीड़िता फिलहाल बोलने में असमर्थ है लेकिन उसने लिखकर पुलिस को कुछ अहम जानकारी दी है।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता द्वारा बताए गए संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।