नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताया संदेह

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरेंद्र राठौर के रूप में हुई है जो शक्ति जिले के केसला का निवासी था और नशे की लत से जूझ रहा था।

परिजनों के अनुसार उन्होंने सुरेंद्र को इलाज के लिए कोरबा के खरमोरा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। मृतक के पिता चुन्नी लाल राठौर ने बताया कि उन्हें इस केंद्र की जानकारी मोबाइल के जरिए मिली थी। संपर्क करने पर 26 तारीख को चार लोग वाहन लेकर उनके घर पहुंचे और सुरेंद्र को अपने साथ ले गए। इसके एवज में दो हजार रुपये वाहन किराया लिया गया। साथ ही 12 हजार रुपये मासिक शुल्क और तीन हजार रुपये ब्लड टेस्ट के नाम पर तत्काल वसूले गए।

परिजनों ने बताया कि 28 तारीख को सीसीटीवी के माध्यम से उनकी सुरेंद्र से बातचीत कराई गई थी जिसमें वह सामान्य और स्वस्थ नजर आ रहा था। हालांकि 30 तारीख को अचानक फोन कर उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी गई और बुलाया गया। जब तक परिवार मौके पर पहुंचा, तब तक सुरेंद्र की मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और मौत को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है।

वहीं नशा मुक्ति केंद्र के केयरटेकर राजू राजपूत का कहना है कि सुरेंद्र की हालत सामान्य थी लेकिन नशा छोड़ने के दौरान अचानक झटका (विथड्रॉल) आने से यह घटना हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले पर कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि पोड़ी बहार, खरमोरा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Share This Article