कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसमुंडा बायपास मार्ग पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 4 बजे गंगानगर के पास होंडा साइन मोटरसाइकिल (CG 12 BU 6303) में सवार दो युवक सामने से आ रहे 407 वाहन (CG 12 BK 7876) से जा भिड़े। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल चला रहे अंकित शर्मा (24 वर्ष) के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक अंकित शर्मा, पिता विनोद शर्मा, गेवरा खदान की एक निजी कंपनी में सरफेस माइनर हेल्पर के रूप में कार्यरत था और गरुड़ नगर कॉलोनी, गेवरा का निवासी था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल की रफ्तार काफी तेज थी और वह अनियंत्रित होकर सीधे 407 वाहन से टकरा गई। हादसे में घायल मोनू यादव को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोरबा रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।