शव ले जा रही एम्बुलेंस पलटी, नशे में था चालक; चार लोग बाल-बाल बचे, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां निजी अस्पताल से शव लेकर जा रही एम्बुलेंस रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह घटना रजगामार रोड स्थित आमाडांड गांव के पास मुख्य मार्ग पर हुई। एम्बुलेंस कोरबा से रायगढ़ जिले के छाल के लिए रवाना हुई थी।

हादसे के वक्त वाहन में सवार चार लोग बाल-बाल बच गए, हालांकि शव एम्बुलेंस के अंदर ही फंसा रहा। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और उन्होंने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और जेएसईबी वाहन की सहायता से पलटी एम्बुलेंस को सीधा किया गया।

जानकारी के अनुसार एम्बुलेंस चालक शराब के नशे में था। तेज रफ्तार के चलते वह सड़क पर पड़ी गिट्टी को नहीं देख पाया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे के तुरंत बाद दूसरी एम्बुलेंस बुलाकर शव को उसमें स्थानांतरित किया गया। दुर्घटना के कारण शव के सिर से खून निकलने की बात भी सामने आई है। अन्य यात्रियों को भी दूसरी एम्बुलेंस के जरिए आगे भेजा गया। परिजनों ने चालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे पहले ही नशे में गाड़ी चलाने से मना किया गया था, लेकिन उसने आश्वासन देते हुए सुरक्षित पहुंचाने की बात कही।

 

Share This Article