कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में एक कर्मचारी द्वारा लूट की झूठी कहानी गढ़कर पैसे गबन करने का मामला सामने आया है। पुलिस की सतर्कता और त्वरित जांच के चलते आरोपी की साजिश का पर्दाफाश हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उरगा निवासी वरुण नायर ने थाना कोतवाली कोरबा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके कर्मचारी के साथ सीतामणी गौ माता चौक के पास लूट की घटना हुई है। यह घटना 3 अप्रैल की सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच की बताई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान कर्मचारी की कहानी में विरोधाभास सामने आया, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सच्चाई कबूल कर ली।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने करीब 4.50 लाख रुपये की राशि का खुद ही गबन किया था और बचने के लिए लूट की झूठी कहानी बनाई थी। आरोपी की पहचान प्रियंशु देवांगन (निवासी जांजगीर, छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। उसने बीमा नवीनीकरण के लिए मिली राशि का दुरुपयोग किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
