कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोयलांचल क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की भारी किल्लत ने आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। दीपका स्थित भारत गैस गेवरा प्रोजेक्ट कंज्यूमर्स को-ऑपरेटिव स्टोर्स लिमिटेड के उपभोक्ता लंबे समय से सिलेंडर के लिए भटक रहे हैं, जिससे एसईसीएल कर्मचारियों समेत स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।
गैस की अनुपलब्धता का सीधा असर रसोई व्यवस्था पर पड़ रहा है। समय पर भोजन न बन पाने से कामकाजी लोगों और बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी द्वारा सप्ताह में केवल एक-दो बार ही आपूर्ति की जा रही है, जिससे स्थिति और बिगड़ गई है।
महीनों की बुकिंग के बाद भी खाली हाथ
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि महीनों पहले बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। एजेंसी पहुंचने पर भी कई बार खाली हाथ लौटना पड़ता है। इससे गैस वितरण प्रणाली और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आंदोलन की चेतावनी
क्षेत्र के नागरिकों और कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो धरना, घेराव और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने इसकी पूरी जिम्मेदारी गैस एजेंसी और स्थानीय प्रशासन पर डाली है।
कोरबा में स्थित पवन गैस एजेंसी पर भी हाल के दिनों में भारी भीड़ देखी जा रही है। उपभोक्ता सुबह से ही खाली सिलेंडर लेकर कतार में खड़े हो रहे हैं। पिछले सप्ताह होम डिलीवरी बंद रहने के कारण लोगों को स्वयं सिलेंडर लेने पहुंचना पड़ा। हालांकि शनिवार से होम डिलीवरी शुरू होने के बाद स्थिति में थोड़ी राहत मिली है।
इस पूरे मामले पर एजेंसी संचालक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी और बढ़ गई है।
