जमीन विवाद बना खूनी संघर्षः बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां जमीन बंटवारे के विवाद में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार 2 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे बैसाखू राम यादव महुआ बीनकर घर लौटे। इस दौरान उन्होंने अपने छोटे बेटे दयाराम यादव को सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों से खून बह रहा था। परिवार से पूछताछ में सामने आया कि बड़े बेटे कल्याण यादव (33 वर्ष) ने जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर दयाराम पर लाठी से हमला किया। इतना ही नहीं, उसने गला घोंटने की भी कोशिश की। दयाराम को मृत समझकर आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में दयाराम को परिजन गैरिला स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

व्हाट्सएप ग्रुप से मिला सुराग

घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच शुरू की गई, लेकिन आरोपी फरार था। आरोपी की तलाश में पुलिस ने ग्राम रक्षा दल के व्हाट्सएप ग्रुप की मदद ली। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी साहदामर के पास देखा गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी कल्याण यादव ने जमीन विवाद में अपने छोटे भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पसान थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Share This Article