कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के ग्राम गणेशपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां 19 वर्षीय रंजीत कुमार ने नशे की हालत में 7 साल के मासूम के साथ गंदी हरकत की फिर हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया।
जानकारी के अनुसार 2 अप्रैल को दोपहर में आयान अपने दोस्तों के साथ गांव के तालाब में नहा रहा था। उसके बाकी दोस्त नहा कर घर लौट आए, लेकिन आयान घर नहीं पहुंचा। परिजन ने काफी देर तक उसे खोजा, आस-पास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
इस दौरान उन्हें पता चला कि आयान को रंजीत कुमार के साथ देखा गया था। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी नागेश तिवारी खुद गांव पहुंचे। उन्होंने रंजीत से कड़ी पूछताछ की। शुरू में रंजीत गोलमोल जवाब देता रहा, लेकिन बाद में उसने वारदात का सच स्वीकार कर लिया।
रंजीत ने बताया कि वह नशे की हालत में तालाब गया था, जहां उसने आयान को देखा। उसकी नीयत खराब हुई और उसने बच्चे को बहला-फुसलाकर सुनसान इलाके में ले गया। वहाँ उसने बच्चे का पैंट उतार कर गंदी हरकत करने लगा इसपर बच्चे के विरोध और चिल्लाने पर रंजीत डर गया। उसने यह भी सोचा कि बच्चा सब कुछ घर जाकर बता देगा। इसी डर और घबराहट में उसने पास पड़े पत्थर से आयान के सिर पर चार वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद रंजीत ने सबूत मिटाने के लिए बच्चे के शव को उठाकर पड़ोसी गांव करतली के खेत में बने 12 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया। इसके बाद वह वापस अपने गांव लौट आया।
पुलिस ने रंजीत की निशानदेही पर कुएं से आयान का शव बरामद किया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हत्या की वजह आरोपी की नशे में बुरी नियत और भय था। रंजीत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को दें और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें।
