कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी कावेरी विहार कॉलोनी से एक बेहद शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई है। यहां एक युवक को नग्न कर सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक की पहचान अमरदास के रूप में हुई है, जो कॉलोनी के सर्वेट क्वार्टर में रहता है। उसकी पत्नी कॉलोनी के अधिकारियों के घरों में काम करती है। बताया जा रहा है कि अमरदास शराब का आदी है। घटना के दिन वह अपने एक परिचित की बाइक लेकर शराब पीने गया था, लेकिन लौटते समय बाइक साथ नहीं लाया। आरोप है कि उसने बाइक बेच दी।
इसी बात को लेकर बाइक मालिक ने गुस्से में आकर अमरदास की जमकर पिटाई कर दी। आरोपियों ने न सिर्फ उसकी बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उसे कपड़े उतरवाकर नग्न हालत में सड़क पर दौड़ाया भी। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी। इस दौरान युवक खून से लथपथ हालत में इधर-उधर भागता रहा।
बताया जा रहा है कि यह घटना करीब एक सप्ताह पुरानी है, लेकिन इसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। वहीं दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह का कहना है कि इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
