कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। शादीशुदा महिला की मौत के चार दिन बाद प्रशासन की अनुमति से कब्र से शव बाहर निकालकर दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया गया। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला भलपहरी गांव के उरगा थाना क्षेत्र का है। गिधौरी निवासी विनीता पाटले की शादी लगभग 8 साल पहले भलपहरी गांव निवासी मुकेश पाटले से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। मुकेश मजदूरी का काम करता है। पति के अनुसार 18 मई को विनीता की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पेट दर्द की शिकायत के बाद उसे जिला अस्पताल और फिर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए रायपुर रेफर किया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिवार का कहना है कि विनीता पीलिया और खून की कमी से पीड़ित थी। 19 मई को दोनों पक्षों की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार कर शव दफना दिया गया था। मौत के चार दिन बाद मायके पक्ष को घटना पर शक हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि विनीता को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पति मुकेश आए दिन मारपीट और गाली-गलौज करता था।
परिजनों का दावा है कि मौत के बाद जब शव को नहलाया गया तब शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। नाक और मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई। इसके बावजूद बिना पोस्टमॉर्टम जल्दबाजी में शव दफना दिया गया। मृतका की बड़ी मां कौशिल्या ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले भी मुकेश ने विनीता को फांसी लगाकर मारने की कोशिश की थी। परिवार का कहना है कि विनीता कुछ दिन पहले तक पूरी तरह स्वस्थ थी और एक शादी समारोह में डांस भी कर रही थी, ऐसे में अचानक मौत होना संदेह पैदा करता है।
प्रशासन की मौजूदगी में निकाला गया शव
मायके पक्ष की शिकायत के बाद प्रशासन से अनुमति लेकर शुक्रवार को पुलिस और अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र से शव निकाला गया। शुरुआत में ससुराल पक्ष ने इसका विरोध किया लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद प्रक्रिया पूरी की गई। शव को पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच के बाद शव को दोबारा दफनाया जाएगा। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मामले में पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच कराई गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
