कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की किराना दुकानों, मॉल तथा खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य उत्पादों के नमूने एकत्र किए गए। कुल 20 नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत और संघर्ष मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि कोई नमूना निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कई प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
अभियान के तहत मुड़ापार स्थित ज्ञान प्रोविजन स्टोर से टोस्ट, आरएसएस नगर के जायसवाल जनरल स्टोर से सरसों तेल और आटा, जबकि घंटाघर चौक स्थित अपना मार्ट से सूजी और आटे के नमूने लिए गए। कटघोरा के सुतारा क्षेत्र में संचालित विभिन्न फर्मों से सरसों तेल, सनफ्लॉवर ऑयल और मिक्स वेजिटेबल ऑयल के सैंपल एकत्र किए गए। वहीं गुप्ता जनरल स्टोर से मिर्च, हल्दी और धनिया पाउडर के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
मॉल में इम्पोर्टेड खाद्य उत्पादों की जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के पाल्म मॉल स्थित जियो मार्ट में भी निरीक्षण किया। यहां विदेश से आयातित खाद्य उत्पादों की विशेष जांच की गई। चॉकलेट, पास्ता, खजूर, बिस्कुट और एनर्जी ड्रिंक समेत पांच आयातित खाद्य उत्पादों के नमूने लिए गए। अधिकारियों ने बताया कि इम्पोर्टेड उत्पादों में लेबलिंग, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से परीक्षण किया जाएगा।
सड़े-गले फल मिलने पर तत्काल कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में खराब और सड़े-गले फल पाए गए। खाद्य सुरक्षा टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट कराते हुए दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एक्सपायरी या खराब खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग का कहना है कि आगामी त्योहारों को देखते हुए मिलावटखोरी और खाद्य मानकों के उल्लंघन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से भी खरीदारी के दौरान खाद्य उत्पादों की एक्सपायरी डेट और एफएसएसएआई लाइसेंस की जांच करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर विभाग को तत्काल सूचना देने को कहा गया है।
