अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में गई दो युवकों की जान, दोनों वाहन चालक फरार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read


कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों मामलों में दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पहला मामला उरगा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले उरगा ओवरब्रिज के पास एक अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार आशीष रात्रे (30 वर्ष) को टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल आशीष को स्थानीय लोगों की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मेमो मिलने के बाद जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव परिजनों को सौंप दिया।

दूसरी घटना हरदीबाजार थाना क्षेत्र की है। सराई सिंगार निवासी मुकेश प्रजापति (22 वर्ष) 9 जून की रात करीब 8 बजे सड़क हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि मुकेश हरदीबाजार के रलिया क्षेत्र में गुपचुप और चाट का ठेला लगाता था। रोज की तरह वह ठेला बंद कर घर लौट रहा था तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मुकेश को राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दोनों मामलों में जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अज्ञात भारी वाहन और ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर फरार वाहनों और उनके चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article