कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के लेमरू थाना क्षेत्र में गुरुवार को आए तेज आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 54 वर्षीय किसान की जान चली गई। जंगल में लापता बकरी की तलाश कर घर लौट रहे दंपती पर अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर गया। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, लेमरू क्षेत्र निवासी शिवरतन माझी (54 वर्ष) अपनी पत्नी सुशीला बाई (50 वर्ष) के साथ सुबह गांव से लगे लाम पहाड़ जंगल में बकरियां चराने गए थे। शाम तक उनकी एक बकरी वापस नहीं लौटी, जिसके बाद दोनों उसकी तलाश में दोपहर बाद फिर जंगल की ओर निकल गए।
इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली। जंगल में तेज आंधी, बारिश और तूफान शुरू हो गया। दंपती घर लौटने की कोशिश कर रहे थे, तभी रास्ते में एक विशाल पेड़ टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा। पेड़ के नीचे दबने से शिवरतन माझी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल सुशीला बाई किसी तरह पेड़ के मलबे से बाहर निकलीं और गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद शिवरतन को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों के अनुसार शिवरतन माझी खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
