कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में पांच दिन पहले हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल हुए सब इंस्पेक्टर रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि उर्फ डब्बू की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों और समाज के लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, चंद्रमणि अपने मित्र अरविंद राठौर के साथ देर रात कार से जा रहा था। इसी दौरान कथित कबाड़ चोरों ने उनका पीछा किया और रास्ता रोककर चंद्रमणि के साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में उसके सिर, हाथ, पैर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं।
घटना के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए रायपुर के रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकीय जांच और एक्स-रे रिपोर्ट में शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा अंदरूनी चोटें भी गंभीर बताई गई थीं। इलाज के दौरान शुक्रवार को चंद्रमणि ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा है कि चंद्रमणि की मौत के जिम्मेदार आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। मामले को लेकर प्रशासन और पुलिस पर भी जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
