संदिग्ध हालात में मिली युवक की लाश, जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के तखतपुर क्षेत्र से लगे ग्राम पंचायत सकर्रा में बिजली संबंधी कार्य करने आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह उसका शव खजुरी मेन रोड स्थित वर्मा प्लॉट के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मृतक युवक बाहरी क्षेत्र का रहने वाला था और बिजली का काम करने के लिए सकर्रा आया हुआ था। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने उसका शव संदिग्ध अवस्था में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आने के बाद ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस करंट लगने से मौत की संभावना जता रही है, लेकिन शरीर पर मिले निशानों को देखते हुए अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हिर्री थाना पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
