कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में लंबे समय से संचालित बैटरी स्क्रैप कारोबार पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। क्षेत्रीय पर्यावरण संरक्षण मंडल की टीम ने कार्रवाई करते हुए बैटरी स्क्रैप से भरे एक ट्रक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ट्रक में लाखों रुपये मूल्य का स्क्रैप लोड होने की जानकारी सामने आ रही है।
जानकारी के अनुसार पर्यावरण संरक्षण मंडल को बैटरी स्क्रैप के परिवहन संबंधी सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर अधिकारियों की टीम डीडीएम रोड पर जांच के लिए पहुंची। इसी दौरान राजस्थान पंजीयन क्रमांक RJ 06 GD 8524 ट्रक को रोककर जांच की गई।
तलाशी के दौरान ट्रक में बड़ी मात्रा में बैटरी स्क्रैप पाया गया। अधिकारियों ने चालक से आवश्यक दस्तावेजों की मांग की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जांच में यह भी सामने आया कि वाहन चालक के पास राजस्थान पर्यावरण विभाग की अनुमति तो थी, लेकिन जिस राज्य और जिले से स्क्रैप लोड किया गया था, वहां की आवश्यक पर्यावरणीय स्वीकृतियां प्रस्तुत नहीं की जा सकीं।
नियमों के अनुसार खतरनाक श्रेणी के अपशिष्ट पदार्थों के परिवहन के लिए संबंधित राज्य एवं जिले से भी वैध अनुमति आवश्यक होती है। दस्तावेजों में खामियां मिलने पर पर्यावरण संरक्षण मंडल ने ट्रक को जब्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
गौरतलब है कि कोरबा जिले में लंबे समय से बैटरी स्क्रैप के अवैध कारोबार की शिकायतें सामने आ रही थीं। ऐसे में इस कार्रवाई को अवैध स्क्रैप कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
