कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत संवेदनशील क्षेत्रों में सघन बाइक पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें लगातार अंदरूनी बस्तियों, संकरी गलियों और संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बाइक पेट्रोलिंग का उद्देश्य उन क्षेत्रों तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित करना है, जहां चारपहिया वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते। इस दौरान अड्डेबाजी करने वाले लोगों, संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के तहत थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र के डिगापुर, सिंगापुर और टीपी नगर चौक सहित थाना कोतवाली क्षेत्र के राताखार, रामसागरपारा, मोतीसागरपारा, पुरानी बस्ती, सीतामढ़ी, इमलीडुग्गू, रेलवे स्टेशन और संजय नगर जैसे संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस टीमों ने इन क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों और अड्डेबाजी वाले स्थानों की जांच की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा 128 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की, जबकि एक व्यक्ति पर धारा 36(च) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा वाहन चेकिंग अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति, कानून व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की बाइक पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अड्डेबाजी या अवैध कार्य की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
