कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में स्थित महामाया होटल में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात चोरी की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नकाबपोश बदमाश होटल का ताला तोड़कर अंदर घुसे और नकदी समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक चोरी की यह घटना रात करीब 3:50 बजे की है। मंगलवार सुबह होटल संचालक जब प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। होटल के भीतर सामान बिखरा हुआ था, जबकि कैश काउंटर और अलमारी के ताले टूटे मिले।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोर कैश काउंटर से करीब 5 हजार रुपये नकद और अन्य सामान अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
CCTV फुटेज में दिखे संदिग्ध
थाना प्रभारी नवीन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट समेत अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली है।
जांच के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्ति कैमरे में दिखाई दिए हैं, लेकिन उनके चेहरे कपड़े से ढके होने के कारण पहचान करना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। पुलिस आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
उरगा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जता रही है।
बढ़ती चोरियों से व्यापारियों में नाराजगी
घटना के बाद भैसमा बाजार और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिससे व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। उनका मानना है कि नियमित निगरानी और सख्ती से ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता
थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ा दी गई है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस टीम चोरी की इस वारदात में शामिल आरोपियों तक जल्द पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है फिलहाल, CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
