कोरबा में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई: 1620 घन मीटर रेत, एक टीपर और दो ट्रैक्टर जब्त

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग ने जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ बुधवार को विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान एक टीपर, दो ट्रैक्टर और तीन स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित 1620 घन मीटर रेत जब्त की गई।

खनिज विभाग के उप संचालक (खनिज प्रशासन) के मार्गदर्शन में गठित खनिज उड़नदस्ता दल ने सलिहाभाटा, भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पोड़ी, कछार, चुहिया, बाल्को, कसनिया और कटघोरा सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान बरमपुर, राताखार और कसनिया क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन करते हुए एक टीपर और दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। विभागीय टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रकरण दर्ज किए।

तीन स्थानों से 1620 घन मीटर रेत जब्त

अभियान के दौरान कछार क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर क्रमशः 600 घन मीटर और 720 घन मीटर अवैध रेत का भंडारण पाया गया। वहीं, सोनपुरी सीतामढ़ी क्षेत्र से भी 300 घन मीटर अवैध रूप से संग्रहित रेत जब्त की गई। इस प्रकार कुल 1620 घन मीटर रेत जब्त कर सभी भंडारण स्थलों को सील कर दिया गया है।

पुलिस और जांच चौकी की निगरानी में रखे गए वाहन

जब्त किए गए टीपर और ट्रैक्टरों को सर्वमंगला पुलिस चौकी, रामपुर थाना तथा खनिज जांच चौकी रामपुर-कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है। विभाग मामले से जुड़े व्यक्तियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रहा है।

दोषियों पर दर्ज होगी एफआईआर

उप संचालक खनिज प्रशासन ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनन या परिवहन की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article