प्रतिबंध के बावजूद रेत परिवहन: ट्रैक्टर पलटने से एक की मौत, दो घायल

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के उरगा थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा ग्राम मड़वारानी के पास उस समय हुआ, जब सोन नदी से रेत भरकर लौट रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।

मृतक की पहचान शिवकुमार पटेल (29 वर्ष) निवासी मड़वारानी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक शिवकुमार अपने साथियों के साथ प्रतिबंध के बावजूद सोन नदी से रेत निकालने गया था। रेत से भरी ट्रॉली लेकर लौटते समय ग्राम जर्वे के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई।

हादसे में शिवकुमार ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। गंभीर हालत में घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक अमित कुमार समेत एक अन्य घायल का उपचार जारी है।

जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अवैध रेत परिवहन में किन लोगों की भूमिका थी और ट्रैक्टर किसके स्वामित्व में था।

प्रतिबंध के बावजूद जारी अवैध रेत कारोबार

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मड़वारानी और आसपास के क्षेत्रों में सोन नदी से लंबे समय से अवैध रेत खनन और परिवहन का कारोबार संचालित हो रहा है। प्रतिबंध के बावजूद रात और सुबह के समय बड़ी संख्या में ट्रैक्टर नदी से रेत निकालते हैं। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

गौरतलब है कि जिले की नदियों और नालों से रेत उत्खनन पर प्रशासन ने पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग और उड़नदस्ता दल लगातार कार्रवाई कर अवैध वाहनों को जब्त कर रहे हैं। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में अवैध खनन और परिवहन का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है।

Share This Article