कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा में बिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नालंदा जिले में हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की तलाश में पहुंची पुलिस टीम ने सुभाष चौक के पास संदिग्धों को घेरकर पीछा किया। इस दौरान मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक नालंदा पुलिस डकैती के आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करते हुए कोरबा पहुंची थी। सुभाष चौक के पास संदिग्ध नजर आते ही टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने पीछा कर तीन लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ और पहचान की कार्रवाई के बाद इनमें से दो को नालंदा डकैती का आरोपी बताया गया।
घर में घुसकर बनाया था परिवार को बंधक
मामला 3 अगस्त 2026 की रात का है। नालंदा निवासी राजीव रंजन के घर में करीब 12 हथियारबंद बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने पहले राजीव रंजन के माता-पिता को बंधक बनाकर फ्लैट का दरवाजा खुलवाया। इसके बाद घर में मौजूद उनकी पत्नी और बच्चों को भी बंधक बना लिया गया। पुलिस के अनुसार, सभी बदमाशों के पास पिस्तौल थी।
नकदी और सोने-चांदी के जेवर ले गए थे
डकैतों ने घर की गोदरेज से करीब 45 लाख रुपये नकद और लगभग 450 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए थे। सोने के जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है।
लूटे गए आभूषणों में चेन, झुड़ी, कानवाली, झुमका, मंगलसूत्र, गले का सेट, डायमंड गले का सेट और ब्रेसलेट समेत कई सामान शामिल थे। इसके अलावा बदमाश करीब 3 किलो चांदी, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है, भी ले गए थे।
डकैतों ने राजीव रंजन की फर्म ‘कृति सीड फार्म’ और उनके पिता की फर्म ‘कृषि कल्याण केंद्र’ से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने साथ ले गए थे।
दो आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार महतो (26 वर्ष), निवासी गुलिनी, थाना दीपनगर, जिला नालंदा और धीरज कुमार (25 वर्ष), निवासी जोरारापुर, थाना नालंदा के रूप में हुई है।
पुलिस दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ और जांच के लिए अपने साथ ले गई है। मामले में फरार अन्य आरोपियों और लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
