कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के पोड़ी उपरोड़ा के 100 सीटर कन्या छात्रावास में छात्राओं की ओर से सामने आई शिकायतों के बाद मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। छात्राओं से बातचीत और उनकी समस्याओं की जानकारी लेने के लिए NSUI की टीम छात्रावास पहुंची। छात्राओं ने इस दौरान अधीक्षिका के व्यवहार, भोजन व्यवस्था और छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।
छात्राओं ने NSUI प्रतिनिधियों को बताया कि उनसे कथित तौर पर निजी और घरेलू काम करवाए जाते हैं। कुछ छात्राओं ने जबरन मालिश करवाने और विरोध करने पर धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया। छात्राओं का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों के कारण उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भोजन व्यवस्था पर भी उठे सवाल
छात्राओं ने छात्रावास में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और तय मेन्यू को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि कई बार मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराया जाता। भोजन को लेकर शिकायत करने पर कथित तौर पर उनके साथ अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया जाता है।
NSUI जिला सचिव इमरान अली के मुताबिक, छात्राएं इससे पहले भी विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रख चुकी हैं। उनके अनुसार, शिकायत और प्रदर्शन के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। NSUI ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
15 दिन में कार्रवाई की मांग
NSUI ने छात्राओं की शिकायतों पर कार्रवाई के लिए प्रशासन को 15 दिन का समय दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि तय अवधि में समाधान नहीं होने पर 16वें दिन आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा।
संगठन की प्रमुख मांगों में छात्रावास की व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय जांच, छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, भोजन की गुणवत्ता और मेन्यू की नियमित निगरानी तथा शिकायतों की जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई शामिल है। NSUI ने छात्राओं की समस्याओं की निगरानी के लिए एक समिति गठित करने की मांग भी रखी है।
